स्व-सहायता समूह की महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण में भूमिका: दंतेवाड़ा जिले का अध्ययन
Keywords:
स्वयं सहायता समूह, महिला सशक्तीकरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता, ग्रामीण महिलाएँ, बैंकिंग सुविधाएँ, मासिक आयAbstract
महिलाओं का सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण देश की आर्थिक प्रगति एवं सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। वर्तमान समय में महिलाओं का सशक्तीकरण समावेशी विकास एवं आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का एक प्रमुख निर्धारक है। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आर्थिक निर्भरता, सीमित रोजगार के अवसर, शिक्षा की कमी तथा वित्तीय संसाधनों तक सीमित पहुँच जैसी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं के समाधान में स्वयं सहायता समूह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। स्वयं सहायता समूह महिलाओं को बचत, ऋण, स्वरोजगार, बैंकिंग सुविधाओं तथा सामूहिक निर्णय प्रक्रिया से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास करते हैं। प्रस्तुत अध्ययन हेतु छत्तीसगढ़ राज्य के दंतेवाड़ा जिले का चयन किया गया है। अध्ययन के अंतर्गत दंतेवाड़ा जिले के 20 स्वयं सहायता समूहों से कुल 100 महिला सदस्यों का चयन नमूने के रूप में किया गया है। इन महिलाओं से प्राप्त प्राथमिक आँकड़ों के आधार पर उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण में स्वयं सहायता समूहों की भूमिका का विश्लेषण किया गया है। अध्ययन से प्राप्त आँकड़ों के अनुसार, स्व-सहायता समूहों में शामिल महिलाओं में 40 प्रतिशत महिलाएँ अनुसूचित जनजाति, 33 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग, 17 प्रतिशत अनुसूचित जाति तथा 10 प्रतिशत सामान्य वर्ग से संबंधित हैं। शैक्षणिक स्थिति के विश्लेषण से ज्ञात होता है कि 20 प्रतिशत महिलाएँ अशिक्षित, 35 प्रतिशत प्राथमिक शिक्षित, 18 प्रतिशत माध्यमिक शिक्षित, 20 प्रतिशत हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी तथा 7 प्रतिशत स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर तक शिक्षित हैं। पारिवारिक स्थिति के अनुसार 63 प्रतिशत महिलाएँ एकल परिवार तथा 37 प्रतिशत महिलाएँ संयुक्त परिवार से संबंधित हैं। वहीं आवासीय स्थिति के अंतर्गत 40 प्रतिशत महिलाएँ कच्चे मकान, 28 प्रतिशत पक्के मकान, 17 प्रतिशत अर्धकच्चे मकान तथा 15 प्रतिशत किराये के मकान में निवास करती हैं।
आर्थिक स्थिति के विश्लेषण से पता चलता है कि स्वयं सहायता समूह का सदस्य बनने से पूर्व 65 प्रतिशत महिलाओं के पास बैंक खाते थे, जो सदस्य बनने के पश्चात बढ़कर 90 प्रतिशत हो गए। इस प्रकार बैंक खाताधारक महिलाओं की संख्या में 25 प्रतिशत अंकों की वृद्धि हुई। इसी प्रकार मासिक आय के विश्लेषण में 2,000 से 3,000 रुपये आय वर्ग की महिलाओं की संख्या 53 से घटकर 15 रह गई, जबकि 4,000 से 8,000 रुपये आय वर्ग की महिलाओं की संख्या 19 से बढ़कर 45 हो गई। इसके अतिरिक्त 10,000 रुपये से अधिक आय प्राप्त करने वाली महिलाओं की संख्या 4 से बढ़कर 10 हो गई। ये आँकड़े महिलाओं की आय के स्तर में सकारात्मक परिवर्तन को दर्शाते हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के पश्चात महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। महिलाओं में बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूकता, बचत की प्रवृत्ति तथा आय अर्जित करने के अवसरों में वृद्धि हुई है। इससे स्पष्ट होता है कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके सामाजिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
Downloads
Published
Issue
Section
License
Copyright (c) 2026 Siddhanta's International Journal of Advanced Research in Arts & Humanities

This work is licensed under a Creative Commons Attribution-NonCommercial-NoDerivatives 4.0 International License.
